AFG PAK War: सऊदी अरब और कतर के हस्तक्षेप के बाद दो दिन पहले शांत हुआ अफगानिस्तान और पाकिस्तान का सीमा संघर्ष एक बार फिर भीषण रूप ले चुका है। बुधवार की अलसुबह, करीब 4 बजे, दोनों देशों के सैनिकों और तालिबानी लड़ाकों के बीच स्पिन बोल्डक सीमा पर खूनी टकराव हुआ। इस ताज़ा संघर्ष में दोनों पक्षों को भारी नुकसान पहुँचा है, जबकि सीमा पर तनाव चरम पर है।
स्पिन बोल्डक में पाकिस्तानी सेना का पलटवार
मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का पूरी ताकत से जवाब दिया।पाकिस्तानी सेना के हमले में कम से कम 12 तालिबानी लड़ाके मारे गए हैं, जबकि 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी सेना ने अफगान पोस्ट पर अचानक हमला किया और कई तालिबानी टैंकों को ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके जवाबी हमले के बाद तालिबानी लड़ाके अपनी चौकियाँ और हथियार छोड़कर भाग गए। पाकिस्तान की सेना इस समय बॉर्डर पर हाई अलर्ट पर है।
स्पिन बोल्डक के अलावा, खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में भी दोनों सेनाओं के बीच ज़बरदस्त सैन्य टकराव हुआ है। अफगानिस्तान की सेना और तालिबानी लड़ाकों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों पर हमले का दावा किया है।
अफगानिस्तान की सेना ने दावा किया है कि तालिबान का एक ड्रोन खैबर पख्तूनख्वा के सीमावर्ती इलाकों में घुसा और पाकिस्तानी अड्डे पर विस्फोटक से हमला करके सुरक्षित लौट आया। वहीं, एक अन्य ड्रोन पाकिस्तानी पोस्ट पर गिरा, जिससे दोनों के परखच्चे उड़ गए।
हथियार छीनने का दावा: अफगानी सेना का दावा है कि उन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों से 15 मिनट के भीतर हथियार छीन लिए थे और उन्हें ढेर कर दिया था। दोनों देश लगातार एक-दूसरे के सैनिकों को मार गिराने और चौकियों पर कब्ज़ा करने का दावा कर रहे हैं।
TTP का समर्थन और ISIS आतंकियों को सौंपने की मांग
इस बीच, क्षेत्रीय आतंकवाद और अलगाववादी समूहों को लेकर भी तनाव बढ़ा है, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान से ISIS-खोरासन (दाएश) के चार प्रमुख आतंकियों—शहाब अल-मुहाजिर, अब्दुल हकीम तौहीदी, सुल्तान अजीज और सलाहुद्दीन रजब—को अफगानिस्तान को सौंपने की मांग की है। अफगानिस्तान का कहना है कि ये लोग पाकिस्तान पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं।
TTP का एकजुट समर्थन: पाकिस्तान के खिलाफ़, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के दो प्रमुख गुट अफगानिस्तान का साथ देने के लिए एकजुट हो गए हैं। एक गुट का नेतृत्व कुर्रम जिले के मुफ्ती अब्दुर रहमान और दूसरे का तिराह घाटी के कमांडर शेर खान कर रहे हैं।
यह ताज़ा घटनाक्रम दिखाता है कि सीमा पर जारी संघर्ष ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया है और दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के सभी प्रयास विफल हो रहे हैं।
