Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक फिल्मी और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बेलीपार थानाक्षेत्र के महावीर छपरा गांव में एक 18 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई और देखते ही देखते 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। युवती ने ऊपर से चिल्लाते हुए धमकी दी कि अगर उसके बॉयफ्रेंड को बुलाकर उसकी शादी नहीं कराई गई, तो वह नीचे कूदकर अपनी जान दे देगी। करीब दो घंटे चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस और गांव वालों को झुकना पड़ा और मौके पर ही जयमाल कराकर दोनों की शादी संपन्न कराई गई।
4 साल पुराना था अफेयर, दूसरी जगह तय हो गई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, युवती इंटरमीडिएट की छात्रा है। करीब 4 साल पहले कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात गांव के ही एक 19 वर्षीय युवक से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। हालांकि, युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने युवती की शादी कहीं और तय कर दी थी और आगामी 21 अप्रैल को उसकी बारात आने वाली थी। घर में शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं और युवती पर पहरा बैठा दिया गया था।
ये भी पढ़ें: Lucknow Agnikand: विकासनगर में 250 से ज्यादा झुग्गियां खाक, 30 सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप
‘बॉयफ्रेंड को बुलाओ वरना कूद जाऊंगी’
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे युवती घर से निकली और जोतबगही गांव में स्थित ‘जल जीवन मिशन’ की पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसे इतनी ऊंचाई पर देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। देखते ही देखते वहां सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवती ऊपर से बार-बार चिल्ला रही थी, “मेरे बॉयफ्रेंड को बुलाओ, मैं उसी से शादी करना चाहती हूं। अगर किसी ने मुझे रोकने की कोशिश की तो मैं जान दे दूंगी।”
पुलिस की काउंसलिंग और मौके पर शादी
स्थिति बिगड़ती देख एसपी साउथ दिनेश पुरी और बेलीपार पुलिस ने मोर्चा संभाला। करीब 2 घंटे की मान-मनौव्वल और तत्काल शादी कराने के आश्वासन के बाद युवती नीचे उतरने को राजी हुई। पुलिस ने दोनों परिवारों को मौके पर बुलाया और उन्हें समझाया। कानूनी पेचीदगियों और अनहोनी के डर से दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
पुलिस की मौजूदगी में ही पानी की टंकी के पास जयमाल का इंतजाम किया गया। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, जिसके बाद युवती को खुशी-खुशी उसके प्रेमी (पति) के साथ घर भेज दिया गया। एसपी साउथ ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर काउंसलिंग की गई और परिजनों की आपसी सहमति से ही शादी की प्रक्रिया पूरी कराई गई है।
