Gorakhpur Honour Killing: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भौराबारी गांव में एक भाई ने अपनी छोटी बहन नित्या यादव (18) की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। आरोपी भाई आदित्य यादव ने पुलिस पूछताछ में जो बातें बताई हैं, वह रिश्तों को शर्मसार करने वाली हैं। आरोपी ने साफ कहा है कि उसे अपनी बहन की हत्या का कोई पछतावा नहीं है, क्योंकि उसने “घर की इज्जत” बचाई है।
हत्या की वजह: अफेयर और बदनामी
आरोपी आदित्य यादव, जो अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा है, ने बताया कि उसके पिता अमरजीत की मौत के बाद माँ शीला देवी ने खेत गिरवी रखकर बच्चों की परवरिश की। आदित्य के अनुसार, उसकी छोटी बहन नित्या यादव (18), जो 12वीं में पढ़ती थी, का इलाके के ही एक युवक से अफेयर चल रहा था।
आदित्य का दावा है कि बहन के इस रिश्ते के कारण पूरा परिवार बदनाम हो चुका था और रिश्तेदार भी मुंह मोड़ने लगे थे। उसने कहा, “बहन ने एक पल में सारी इज्जत खत्म कर दी।”
आदित्य ने बताया कि उसने नित्या को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसलिए, परिवार की “इज्जत बचाने” के लिए उसे इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Lucknow: ऑनलाइन गेमिंग में कर्जदार बेटे ने मां रेनू यादव को पेचकस से गोदा
रात भर लापता रही बहन, सुबह मिली
आदित्य ने हत्या के घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताया-रविवार शाम को नित्या घर से निकली थी और पूरी रात वापस नहीं लौटी। खोजने के बाद सोमवार सुबह 9 बजे आदित्य को नित्या चौमुखा गांव स्थित एक रेस्टोरेंट के पास मिली। वह रात भर उसी लड़के के साथ थी।
समझाने का प्रयास: आदित्य उसे समझा-बुझाकर बाइक से घर लेकर आ रहा था। रास्ते में भी उसने नित्या को समझाने की कोशिश की, लेकिन नित्या ने स्पष्ट कहा कि वह उस लड़के को नहीं छोड़ सकती।
नहर में डुबोकर की निर्मम हत्या
बहन का जवाब सुनने के बाद आदित्य ने हत्या को अंजाम दिया घर से लगभग ढाई किलोमीटर पहले एक सुनसान जगह देखकर आदित्य ने बाइक रोकी और नित्या को नहर के पास बात करने के लिए ले गया। वहाँ उसने पहले नित्या की बुरी तरह पिटाई की, जिसमें उसका सिर भी फट गया।
इसके बाद, आदित्य ने उसे जान से मारने के लिए नहर के पानी में डुबो दिया। डेढ़ घंटे इंतजार के बाद खुद किया सरेंडर
हत्या की यह घटना सोमवार सुबह 9:30 बजे की है। बहन की मौत के बाद आदित्य लगभग डेढ़ घंटे तक वहीं नहर के किनारे बैठा रहा। फिर उसने एक वकील को फोन किया और राय लेने के बाद सीधे कैंपियरगंज थाने पहुंचा।
खुद किया खुलासा: थाने में उसने खुद ही पुलिस को सारा घटनाक्रम बताया। पुलिस को साथ लेकर वह नहर पर आया, जहाँ से लाश को बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें: Lalitpur: दो बहनों ने आपस में बदल लिए पति-बच्चे, पिता ने घर से भगाया
गरीब परिवार पर टूटा पहाड़
आदित्य के जेल जाने के बाद परिवार पर दुख का दोहरा पहाड़ टूट पड़ा है। माँ शीला देवी ने कहा कि पति की मौत के बाद उन्होंने खेत गिरवी रखकर बच्चों की परवरिश की और पक्का मकान बनवाया। अब कमाने वाला बड़ा बेटा जेल चला गया है और खेत अब भी गिरवी है।
गांव के लोगों ने पैसे इकट्ठा करके नित्या का दाह संस्कार कराया, लेकिन माँ के पास आगे के कर्मकांड के लिए भी पैसे नहीं हैं।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि: माँ की तहरीर पर आरोपी आदित्य यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। पुलिस मृतक के मोबाइल की जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों और नित्या के संबंधों का पता लगाया जा सके।
