Gorakhpur Kand: गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इंस्टाग्राम पर बने रिश्ते ने 13 वर्षीय किशोरी की जिंदगी बर्बाद कर दी। नाबालिग प्रेमी ने पहले होटल ले जाकर उसके साथ रेप किया। इसके बाद होटल मालिक, मैनेजर और स्पा सेंटर संचालक ने भी उसके साथ दरिंदगी की।
पुलिस की कार्रवाई
गोरखनाथ पुलिस ने नाबालिग प्रेमी समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं 3 अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी होटल मालिक धीरेंद्र सिंह उर्फ अभय सिंह गोरखपुर में तीन होटल और महराजगंज व देवरिया में स्पा सेंटर संचालित करता है। इन स्पा सेंटरों को सील करने के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।ये भी पढ़ें: Health : दिल की बीमारी के शुरुआती संकेत, शरीर पहले ही दे देता है चेतावनी
सोशल मीडिया से मिली सुराग
धीरेंद्र सिंह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सक्रिय था। घटना सामने आने के बाद उसके कई दोस्तों ने उससे जुड़ी तस्वीरें और पोस्ट डिलीट कर दीं। पुलिस इनकी भी जांच कर रही है। वहीं धीरेंद्र ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स लॉक कर दिए हैं। इंस्टाग्राम पर वह “भूमि पैलेस” नाम से भी एक अकाउंट चलाता था।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती
किशोरी ने पुलिस को बताया कि 6 माह पहले शाहपुर निवासी 13 वर्षीय किशोर से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बातचीत मां के मोबाइल से होती थी। 1 जनवरी को किशोरी अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ घर से निकली और नौसड़ स्थित होटल भूमि पैलेस पहुंची। वहां तीन रात गुजारने के बाद प्रेमी अचानक भाग गया। इसके बाद होटल मालिक और मैनेजर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
स्पा सेंटर में दरिंदगी
तीन दिन तक होटल में बंधक रहने के बाद किशोरी को बड़हलगंज के ग्रीन डायमंड स्पा सेंटर भेजा गया। वहां संचालक अंकित ने काम कराने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को धमकियां दी गईं कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
परिजनों का बयान
पीड़िता के परिवार ने कहा कि आरोपियों ने मिलकर उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। 1 जनवरी को किशोरी घर से लापता हुई थी, जिसके बाद 5 जनवरी को गोरखनाथ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
एसपी सिटी का बयान
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि नाबालिग प्रेमी समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। होटल मालिक के होटल्स और स्पा सेंटरों की जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
