Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दुबौली गांव में एक युवक की उसके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंकज निषाद के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
“चाचा को कुदाल से मारा, पापा को गोली” – बेटियों की आंखों देखी कहानी
मृतक पंकज की बेटियों ने रोते-बिलखते जो बताया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बेटियों का कहना है,
“पहले आरोपियों ने चाचा को कुदाल से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। जब पापा उन्हें बचाने दौड़े तो हाथापाई हो गई। आरोपियों के हाथ में बंदूक थी। पापा डरकर घर के अंदर भागे, लेकिन दरवाजे पर ही पकड़ लिया और गोली मार दी।” रविवार को दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur Kand: गोरखपुर रेप केस: होटल और स्पा में 13 साल की नाबालिग से दरिंदगी, 9 आरोपी पुलिस के शिकंजे में
दुबौली गांव में सुबह 9 बजे हुई वारदात
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। झंगहा थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में पंकज निषाद अपने घर पर मौजूद थे, तभी उनके पाटीदारों ने विवाद के बाद उन पर हमला कर दिया। गोली लगते ही पंकज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
10 साल पुराना जमीन विवाद बना हत्या की वजह
गांव वालों के मुताबिक, पंकज निषाद और उनके पाटीदार रामजतन के परिवार के बीच करीब 10 साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पंकज के घर के सामने स्थित थोड़ी सी जमीन पर रामजतन और उसके बेटे कब्जा करना चाहते थे।
करीब 10 साल पहले पंचायत के जरिए मामला सुलझाया गया था, लेकिन इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच विवाद और कहासुनी होती रहती थी।
बाउंड्री बनवाने को लेकर भड़का विवाद
मृतक के छोटे भाई रामनाथ ने बताया कि रविवार सुबह रामजतन अपने तीन बेटों सूरज, विशाल और अविनाश के साथ मजदूर बुलाकर विवादित जमीन पर बाउंड्री की दीवार बनवाने लगा। जब पंकज और उनके भाई ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
पहले मारपीट, फिर गोली मारकर हत्या
रामनाथ के अनुसार, “रामजतन और उसके बेटों ने पहले मुझे मारा, फिर भईया पंकज को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।” गोली लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन चीख-पुकार करने लगे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजन पंकज को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पंकज की बेटी ने पुलिस को बताया कि आरोपी रामजतन, अंकुर, सूरज और विशाल जबरन घर में घुस आए थे।
आरोप है कि पहले चाचा को कुदाल से पीटा गया, फिर पंकज को जबरन कमरे के अंदर ले जाकर गोली मार दी गई। घटना के वक्त घर में पंकज के माता-पिता, भाई-बहन और बच्चे मौजूद थे।
आरोपी अंकुर 4–5 साल बाद लौटा था गांव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकुर करीब 4–5 साल बाद रविवार को कार से गांव लौटा था। कार से उतरते ही वह सीधे पंकज के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविवार शाम तक पुलिस ने रामजतन और उसके तीनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
हत्या की घटना के बाद दुबौली गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गांव पर नजर बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
