Kushinagar: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पडरौना ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोहड़ा में सोमवार को सड़क किनारे लगा 63 केवीए (KVA) का ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना भयंकर था कि ट्रांसफार्मर से निकले खौलते तेल और आग की लपटों ने पास ही स्थित एक घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसे में पति-पत्नी और मासूम झुलसे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहड़ा गांव के रहने वाले महेश्वर सिंह का घर ट्रांसफार्मर से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित है। धमाके के बाद घर में फैली आग की वजह से महेश्वर सिंह (35 वर्ष), उनकी पत्नी अंगिरा देवी (33 वर्ष) और उनका 5 वर्षीय बेटा दिव्यांशु बुरी तरह झुलस गए। गनीमत यह रही कि परिवार का 7 वर्षीय बड़ा बेटा शौरभ सिंह सुरक्षित बच गया। हालांकि, आग की आंच से उसके सिर के कुछ बाल जले हैं, लेकिन उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आनन-फानन में सभी घायलों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल पहुंचे आला अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), उपजिलाधिकारी (SDM) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को शासन प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही आई सामने
इस खौफनाक हादसे के बाद कोहड़ा गांव के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कुबेरस्थान विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित 63 केवीए के ट्रांसफार्मर से पिछले चार दिनों से लगातार धुआं निकल रहा था। इसकी शिकायत लाइनमैन से लेकर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) तक से कई बार की गई। विभाग ने शिकायतों को अनसुना कर दिया और कोई मरम्मत कार्य नहीं किया।
ग्रामीणों का स्पष्ट रूप से मानना है कि अगर समय रहते बिजली विभाग ने संज्ञान लिया होता और ट्रांसफार्मर को ठीक किया या बदला होता, तो आज यह बड़ा हादसा नहीं होता। फिलहाल, गांव वालों ने इस मामले में लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
