Lucknow : राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बहन के प्रेमी को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। वारदात में आरोपी ने युवक को घर बुलाकर उस पर लाठी-डंडों से हमला किया और ईंट से सिर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चार साल से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक का आरोपी की बहन से पिछले चार सालों से प्रेम संबंध था। युवक ने शादी की बात करने के लिए लड़की के घर का रुख किया था। इस पर लड़की का भाई हिमालय प्रजापति (26) नाराज था।
ईंट से सिर कुचलकर हत्या
परिजनों के अनुसार हिमालय ने अपने दोस्त सोनू और सौरभ प्रजापति (30) के साथ मिलकर सोमवार देर रात लगभग डेढ़ बजे अली अब्बास (22) को घर बुलाया। बातचीत के दौरान तीनों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला किया और ईंट से कई बार सिर पर वार किए। घायल अली को खून से लथपथ हालत में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: Mujaffarnagar: कोबरा के साथ युवक को मजाक करना भारी, करतब बना मौत का खेल
परिजनों का बयान और पुलिस की कार्रवाई
मृतक के पिता आरिफ जमीर ने बताया कि अली और युवती ने शादी करने की इच्छा जाहिर की थी। इसी सिलसिले में अली बात करने के लिए गया था, लेकिन वहां उस पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में हिमालय और सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। सोनू अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इलाके में तनावपूर्ण माहौल
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और इलाके में सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए हैं।
सआदतगंज थाना प्रभारी के अनुसार मृतक अली पर पहले से मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके भाई अस्तर पर चार मुकदमे हैं और वह इस समय जेल में है।
