Salempur Train Hadsa: देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पिन्टू यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जंगल ईमलिया रुद्रपुर गांव का रहने वाला था।
हादसा सरया ढाला के पास
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा सरया ढाला के समीप हुआ। पिन्टू किसी कारणवश रेलवे ट्रैक पर आ गया और अचानक गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें: Deoria रेलवे स्टेशन हमला: 7 किन्नरों का गैंग गिरफ्तार, मेडिकल चेकअप में हैरान करने वाला खुलासा
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना पाकर सलेमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
परिवार में कोहराम
परिजनों के अनुसार, पिन्टू यादव दो दिन पहले ही घर से निकला था। लेकिन बुधवार को उसकी मौत की खबर आई। बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर रोते-बिलखते गश खाकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सरया ढाला के पास हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है। रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण यहां हादसों का खतरा अक्सर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा इंतजाम कड़े करने की मांग की है। यह खबर स्थानीय सुरक्षा और रेलवे प्रबंधन की लापरवाही पर भी सवाल उठाती है।
