Deoria: सावन माह के दौरान संभावित भीड़ और धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिवासिम्पी चिनप्पा ने बुधवार को देवरिया कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में अधिकारियों के साथ सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाएं और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए, जिससे कोई अप्रिय घटना न घटे। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें: Deoria News: देवरिया में डायरिया से महिला की मौत, परिवार के 6 बीमार
सुरक्षा के व्यापक निर्देश: नदियों और जल स्रोतों पर बैरीकेटिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
सभी थाना क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग बढ़ाने के लिए कहा गया। डीआईजी शिवासिम्पी चिनप्पा ने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को आदेशित किया गया है कि वह स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय करें और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।
ये भी पढ़ें: Deoria Hadsa: दोस्तों की जान बचाते हुए 20 साल का युवक नदी में डूबा, 17 घंटे से लापता
स्वास्थ्य व सफाई पर भी विशेष ध्यान:
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अस्थायी विश्राम स्थल, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, और सफाई व्यवस्था हर स्थान पर चाक-चौबंद हो। भीड़ नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने की बात कही गई।
डीएम और एसपी ने दिया आश्वासन:
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा और पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय, एसडीएम, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
