अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने TikTok को लेकर बड़ा फैसला किया है। उन्होंने गुरुवार को एक्जीक्यूटिव ऑर्डर साइन किया, जिसके तहत TikTok के अमेरिकी ऑपरेशन को किसी अमेरिकी निवेशक समूह को बेचने की मंजूरी दे दी गई है। इसका मतलब है कि अगर अब TikTok का अमेरिकी ऑपरेशन अमेरिकी कंपनी के हाथ में चला गया, तो ऐप अमेरिका में बैन नहीं होगा।
यह विवाद लंबे समय से अमेरिका और चीन के बीच चल रहा था। अमेरिका का कहना है कि टिकटॉक देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है। ऐसे में अगर किसी अमेरिकी कंपनी के पास इसका ऑपरेशन होगा, तो सुरक्षा का खतरा कम हो जाएगा और ऐप अमेरिका में जारी रहेगा।
कितनी कीमत लगाई गई?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि TikTok US की कीमत 14 अरब डॉलर लगाई गई है। ट्रंप के इस एक्जीक्यूटिव ऑर्डर की वजह से TikTok पर बैन फिलहाल के लिए टल गया है। यह ऑर्डर डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस को कानून लागू करने से रोकता है, जिसके तहत ByteDance (टिकटॉक की पैरेंट कंपनी) को पूरी तरह से अमेरिका में बैन किया जाना था।
कौन होगा नया मालिक और क्या बदलेगा?
इस डील के तहत TikTok US का नया बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स नियुक्त किया जाएगा। साथ ही TikTok का एल्गोरिद्म, सोर्स कोड और कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम भी नए मालिक को ट्रांसफर किया जाएगा।
Oracle अब TikTok US के सिक्योरिटी ऑपरेशन को हैंडल करेगा और क्लाउड सर्विस भी प्रदान करेगा। इसके अलावा Oracle, Silver Lake और अबू धाबी बेस्ड MGX ग्रुप नई इकाई में 45% हिस्सेदारी खरीदेंगे।
जेडी वेंस ने रॉयटर्स को बताया, “शुरुआत में चीन की ओर से कुछ विरोध था, लेकिन हमारा मकसद था कि TikTok काम करता रहे और अमेरिकी डेटा सुरक्षित रहे।”
चीनी राष्ट्रपति से हुई बातचीत
ट्रंप ने रिपोर्टर्स से कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी बात की थी। ट्रंप ने बताया, “मैंने उन्हें बताया कि हम यह कर रहे हैं और उन्होंने कहा, ‘आप करिए’। अब TikTok US पूरी तरह से अमेरिका द्वारा ऑपरेट किया जाएगा।”
ट्रंप ने यह भी कहा कि नए मालिक यह सुनिश्चित करेंगे कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए न हो। इस पूरे मामले पर ByteDance ने अभी कोई बयान नहीं दिया, लेकिन कंपनी पहले यह कह चुकी है कि वे TikTok को अमेरिका में बनाए रखने के लिए कानून का पूरा पालन करेंगे।
