UP News: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव पर विवादित बयान देने वाले मौलाना साजिद रशीदी की एक निजी न्यूज चैनल के स्टूडियो में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डिबेट शो के दौरान हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, मौलाना साजिद रशीदी मंगलवार दोपहर एक निजी न्यूज चैनल के डिबेट शो में शामिल होने पहुंचे थे। तभी मोहित नागर नामक युवक, जो खुद को सपा कार्यकर्ता बताता है, अपने कुछ साथियों के साथ स्टूडियो में पहुंच गया।
डिबेट शुरू होने से पहले मोहित नागर ने मौलाना से बातचीत की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद उसने और उसके साथी ने मौलाना को कई थप्पड़ जड़ दिए।
स्टूडियो में मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक मौलाना को कई बार थप्पड़ मारे जा चुके थे। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया और डिबेट कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
वीडियो हुआ वायरल
यह पूरी घटना स्टूडियो के कैमरों और मौजूद लोगों के मोबाइल में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिख रहा है कि मोहित नागर मौलाना के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था और अचानक उस पर हमला कर देता है।
मौलाना ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद मौलाना साजिद रशीदी ने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ता मोहित नागर और कुलदीप भाटी ने मिलकर उन पर हमला किया। वे सीधे थाना सेक्टर-126 पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू की
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो को कब्जे में लेकर उसका विश्लेषण किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्यों हुआ विवाद?
दरअसल, मौलाना साजिद रशीदी ने हाल ही में सपा सांसद डिंपल यादव के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनकी आलोचना हुई। इसी विवाद के चलते सपा कार्यकर्ता नाराज थे और उसी गुस्से में यह हमला हुआ।
डिबेट शो रद्द
इस घटना के बाद न्यूज चैनल ने अपना डिबेट शो रद्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि मारपीट के वीडियो की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
