UP Police Constable Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने नए साल से पहले युवाओं को बड़ी राहत देते हुए सिपाही भर्ती परीक्षा से निगेटिव मार्किंग पूरी तरह खत्म करने का फैसला किया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने यह अहम निर्णय कैबिनेट बाई सर्कुलेशन के माध्यम से मंजूर किया है। सरकार के इस फैसले को प्रतियोगी छात्रों के लिए एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है, क्योंकि अब गलत उत्तर देने पर कोई अंक नहीं काटे जाएंगे।
अब तक सिपाही भर्ती परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर आधा अंक (0.5 नंबर) काट लिया जाता था, जिससे अभ्यर्थियों में परीक्षा के दौरान डर बना रहता था। लेकिन अब निगेटिव मार्किंग हटने से उम्मीदवार बिना डर के प्रश्नों का उत्तर दे सकेंगे, जिससे मेरिट पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।
22,605 पदों पर होगी सिपाही भर्ती
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2025-26 के लिए जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 22,605 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कांस्टेबल और जेल वार्डर के पद शामिल हैं। सरकार के इस फैसले से लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा, जो लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।
SI और ASI भर्ती प्रक्रिया भी जारी
वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में सब इंस्पेक्टर (SI) और सहायक सब इंस्पेक्टर (ASI) (गोपनीय, लिपिक, लेखा) के 537 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक जारी है। हालांकि फिलहाल सरकार का निगेटिव मार्किंग हटाने का फैसला मुख्य रूप से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पर लागू किया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए राहत भरा फैसला
विशेषज्ञों और अभ्यर्थियों का मानना है कि निगेटिव मार्किंग हटने से परीक्षा अधिक पारदर्शी होगी और मेहनती छात्रों को फायदा मिलेगा। यह फैसला उन उम्मीदवारों के लिए भी राहत है, जो डर की वजह से कई सवाल छोड़ देते थे।
