Deoria जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के ही एक युवक का शव सड़क किनारे एक खेत में संदिग्ध अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बंजरिया के रहने वाले 36 वर्षीय हीरालाल शर्मा के रूप में हुई है, हीरालाल शर्मा बंजरिया बाजार चौराहे पर टेंट हाउस और लाउडस्पीकर की दुकान चलाते थे।
सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह हीरालाल शर्मा हैं। तुरंत इसकी सूचना 112 पुलिस को दी गई। मौके पर तरकुलवा थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: Deoria: खेत में काम कर रहे किसान की सर्पदंश से मौत, गांव में छाया मातम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर भी मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। एसपी के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी पहुंची। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के इलाकों की तलाशी ली।
जानकारी के अनुसार, मृतक शनिवार रात किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। रविवार सुबह उनका शव खेत में मिला। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे सड़क दुर्घटना मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग साजिश की आशंका जता रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Deoria मेडिकल कॉलेज में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, हत्या का आरोप
एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मृतक के संपर्क में आने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा, जिससे घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।
