जनपद देवरिया के बनकटा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंजीरहा गांव में चोरों ने एक सूने पड़े घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की कोशिश की। हालांकि, घर के मालिकों द्वारा पहले ही कीमती सामान बाहर ले जाने के कारण किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई जा रही है। फिर भी घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक सुदामा सिंह दिल्ली में रहते हैं, जबकि उनके रिश्तेदार इंद्रजीत सिंह अपने परिवार के साथ गोरखपुर में निवास करते हैं। यह मकान लंबे समय से बंद पड़ा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
घर के अंदर का नजारा देख उड़े होश
घटना की जानकारी तब हुई जब 6 जनवरी की सुबह इंद्रजीत सिंह गांव पहुंचे। जैसे ही उन्होंने घर का मुख्य ताला खोला, अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के कमरों के आठ ताले, बक्सों के आठ ताले, सूटकेस और अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। घर के अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरों ने पूरे घर को अच्छी तरह खंगाल डाला था।
ये भी पढ़ें: Lucknow: महिला के पेट में ढाई साल तक पड़ा रहा सर्जिकल औजार, ऑपरेशन में हुआ खुलासा
शादी के बाद बंद था घर
इंद्रजीत सिंह ने बताया कि परिवार में 22 नवंबर को शादी हुई थी। इसके बाद 2 दिसंबर को सभी लोग मकान में ताला लगाकर गाजियाबाद और गोरखपुर चले गए थे। उन्होंने बताया कि शादी के कारण अधिकांश गहने और कीमती सामान पहले ही साथ ले जाया जा चुका था, जिससे किसी बड़ी चोरी से बचाव हो गया।
रात में सुनाई दी हथौड़े जैसी आवाज
बताया जा रहा है कि यह मकान सुदामा सिंह के भाई प्रहलाद सिंह का है। प्रहलाद सिंह ने बताया कि 3 जनवरी की रात उन्हें घर के आसपास हथौड़े जैसी आवाज सुनाई दी थी। जब वे बाहर निकलकर देखने गए तो कुछ देर के लिए आवाज बंद हो गई। थोड़ी देर बाद फिर से आवाज आने लगी।
जब वे दोबारा मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति भागता हुआ नजर आया। शोर मचाने पर दो अन्य लोग भी छत से कूदकर फरार हो गए। अंधेरे का फायदा उठाकर चोर मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मकान मालिकों की अनुपस्थिति में पुलिस ने प्राथमिक जांच की और वापस लौट गई। बाद में घर के मालिकों के पहुंचने पर पूरे मामले की जानकारी सामने आई।
ये भी पढ़ें: Deoria News : भाटपार रानी में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, बिहार का आरोपी गिरफ्तार
पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दस दिन पहले इसी गांव में पारस सिंह के बंद पड़े घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। उस दौरान चोर बर्तन, चौकी, बेलन समेत रसोई का सामान चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी का बयान
इस संबंध में बनकटा थाना प्रभारी विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। उन्होंने कहा कि लिखित तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी और जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
