Horror Crime News :उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से आई यह खबर पूरे देश को झकझोर देने वाली है। यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि इंसानियत पर धब्बा है। अहिरौली थाना क्षेत्र के परसा गांव में 30 साल के युवक ने अपनी ही मां और पत्नी को जिस बेरहमी से मारा, उसकी कल्पना भी रोंगटे खड़े कर देती है।
आरोपी का नाम सिकंदर गुप्ता है। उसने पहले दोनों को लाठी-डंडों से पीटा, फिर सीमेंट की ईंट से सिर कुचल दिया। लेकिन दरिंदगी यहीं नहीं रुकी… हत्या के बाद आरोपी ने दोनों की खोपड़ी का मांस निकालकर खा लिया।
ये भी पढ़ें: Ayodhya News: राम मंदिर परिसर में नमाज़ पढ़ने की कोशिश, कश्मीर का व्यक्ति हिरासत में
सुबह 9 बजे शुरू हुआ मौत का खेल
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे सिकंदर ने पहले अपनी पत्नी प्रियंका (28) को सीमेंट की ईंट से सिर पर वार किया। प्रियंका वहीं गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर उसकी मां रूना देवी (60) बीच बचाव करने पहुंचीं, लेकिन सिकंदर ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। उसने मां को लाठी-डंडों से पीटा और फिर उसी ईंट से उनका भी सिर कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पहले गेट बंद किया, फिर खून की होली खेली
हत्या करने से पहले आरोपी ने घर का मेन गेट अंदर से बंद कर लिया था, ताकि कोई अंदर न आ सके। वारदात के बाद वह छत पर चढ़ गया और जोर-जोर से शोर मचाने लगा।
जब गांव के लोग उसके घर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर से बंद मिला। लोग डर के मारे लौट गए। तभी आरोपी ने ऊपर से दोनों के सिर का मांस निकालकर लोगों पर फेंकना शुरू कर दिया।
गांव में दहशत का माहौल
ग्रामीणों का कहना है कि सिकंदर छत पर मुमटी की दीवार के सहारे बैठा था। वह चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था –”जो पास आएगा, उसे मार दूंगा… कोई मुझे पकड़ेगा तो यहीं से कूद जाऊंगा!” पूरा गांव डर के साए में आ गया। महिलाएं घरों में बंद हो गईं। बच्चे रोने लगे।
पुलिस का फिल्मी स्टाइल में ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आखिरकार पुलिस ने पड़ोसी के मकान की छत से चुपके से पहुंचकर पीछे से उसे दबोच लिया। एक सिपाही पीछे से झपटा, आरोपी पुलिस से भिड़ गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी उसे टांगकर नीचे लाए और गिरफ्तार कर लिया।
नशा, हिंसा और धमकियों का पुराना इतिहास
ग्रामीणों ने बताया कि सिकंदर शराब और गांजा पीने का आदी था। वह आए दिन पत्नी और मां से मारपीट करता था। कई बार दोनों को जान से मारने की धमकी दे चुका था। शनिवार को वह पत्नी को लेकर ससुराल देवरिया के सौना लक्ष्मण गांव गया था। वहां से रविवार को लौटते समय कुशीनगर के हाटा में भी उसने पत्नी से मारपीट की थी। लोगों ने डांटा तो वह पत्नी को घर ले आया।
घर छोड़कर भागा, फिर वापस लौटा
घर आकर भी उसने मां और पत्नी से झगड़ा किया और फिर गांव छोड़कर चला गया। करीब 8 किलोमीटर दूर लक्ष्मीपुर गांव पहुंचकर एक घर का दरवाजा पीटने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर उसका साला सोनू वहां पहुंचा और उसे समझाकर वापस घर ले आया। सोनू ने बताया- “मैंने सिकंदर को समझाया था कि मारपीट मत करो। सुबह 8 बजे तक सब ठीक था… लेकिन उसके बाद ये खौफनाक कांड हो गया।”
सऊदी से मुंबई तक की कहानी
गांव के प्रधान पति अतुल ने बताया कि सिकंदर शादी से पहले सऊदी अरब में काम करता था। वहां 2 साल रहा, पैसे कमाए और फिर गांव लौटकर शादी की। शादी के बाद वह पत्नी और मां को गांव में छोड़कर मुंबई में शटरिंग का काम करने चला गया। हर दो महीने में घर आता था। एक महीने पहले ही वह गांव लौटा था।
गांव में मातम, परिवार तबाह
इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतका रूना देवी की बेटियां रो-रोकर बेहाल हैं। प्रियंका के मायके वालों का भी बुरा हाल है। चार बहनों का इकलौता भाई इस तरह दरिंदा बन जाएगा, किसी ने सोचा भी नहीं था।
पुलिस कार्रवाई और केस
आरोपी की बहन प्रतिभा ने अपने ही भाई के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने हत्या और शव को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
इस पूरे मामले ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं –
🔹 क्या नशे ने उसे दरिंदा बना दिया?
🔹 क्या घरेलू हिंसा को पहले ही रोका जा सकता था?
🔹 गांव वालों ने पहले शिकायत क्यों नहीं की?
🔹 मानसिक हालत की जांच क्यों नहीं हुई?
समाज के लिए चेतावनी
यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के लिए चेतावनी है। नशा, घरेलू हिंसा और गुस्से को नजरअंदाज करना कभी-कभी ऐसे भयानक अंजाम तक पहुंचा देता है। कुशीनगर की इस घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। मां और पत्नी जैसे रिश्तों को बेरहमी से खत्म करना… इससे बड़ा गुनाह कोई नहीं हो सकता। अब देखना होगा कि कानून इस दरिंदे को कैसी सजा देता है।
