
Amarnath Yatra 2025: इस साल के अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में तीर्थयात्रियों का पहला जत्था 2 जुलाई को रवाना कर दिया था। इसी के साथ अमरनाथ में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लगातार तीर्थयात्रियों को भेजा जा रहा है। लेकिन इसी दौरान पवित्र अमरनाथ यात्रा 2025 के दौरान आज एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई, जब जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के चंद्रकोट में अमरनाथ तीर्थयात्रियों की एक बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर चार अन्य बसों से टकरा गई। इस भीषण हादसे में 36 तीर्थयात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सौभाग्यवश, इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, जिससे एक बड़ा संकट टल गया।
ये भी पढ़ें: UP Crime: पत्नी की हैवानियत! प्रेमी संग रंगेहाथ पकड़ी गई, पति ने माफ किया… फिर मिली खौफनाक मौत
कैसे हुआ हादसा?
घटना चंद्रकोट लंगर स्थल पर सुबह करीब 11 बजे के आस-पास हुई। अमरनाथ यात्रा के तहत तीर्थयात्रियों से भरी बसें लंगर स्थल पर रुकी हुई थीं। यात्री नीचे उतरकर विश्राम और भोजन के लिए रुक रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बस, जिसकी ब्रेक फेल हो गई, ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे सामने खड़ी चार बसों में टक्कर मार दी।
हादसे में 36 लोग घायल हो गए, जिनमें कई को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्री सिर और पीठ में मामूली गंभीर चोटों के कारण ज़िला अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे के बाद यात्रियों और मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की तत्परता ने बचाई जान
हादसे की सूचना मिलते ही रामबन जिला प्रशासन, पुलिस, और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत रामबन ज़िला अस्पताल भेजा गया। मौके पर मौजूद रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान ने खुद राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की और तीर्थयात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था भी तत्काल कर दी गई ताकि उनकी यात्रा निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।
ये भी पढ़ें: Bihar Crime: फूफा के प्यार में पागल भतीजी ने पति का मर्डर करवाया, शादी के एक महीने बाद रची थी खौफनाक साजिश
डिप्टी कमिश्नर का बयान
डीसी मोहम्मद अलयास खान ने कहा: “चंदरकोट में खड़ी बसों में एक बस ने नियंत्रण खो दिया और चार बसों से टकरा गई। इसमें 36 श्रद्धालु घायल हुए हैं, लेकिन सभी की स्थिति अब स्थिर है। प्रशासन ने पूरी सतर्कता और तेजी से राहत कार्य किए।”
केंद्र सरकार भी अलर्ट
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रामबन डीसी से फोन पर बात की और हादसे के बारे में पूरी जानकारी ली।
उन्होंने ट्वीट कर बताया कि, “घटना में 36 तीर्थयात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। सभी को तत्काल उपचार दिया जा रहा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाएं
हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा में हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष यात्रा 2 जुलाई 2025 से शुरू हुई है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिनमें मेडिकल सुविधा, लंगर, ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा शामिल है।
इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर यात्रा में शामिल वाहनों की तकनीकी जांच, ब्रेक सिस्टम और ड्राइवर की सतर्कता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आगामी दिनों में इस दिशा में और भी सख्ती बरती जाएगी।
इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, यह एक बड़ा राहत भरा पहलू है। 36 श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर से हड़कंप जरूर मचा, लेकिन प्रशासन की सतर्कता और तत्परता ने हालात को भयावह होने से रोक दिया। अमरनाथ यात्रा में शामिल सभी तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा मार्ग पर सतर्कता बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।