Indo Nepal Youth Game 2022: नेपाल के काठमांडू में आयोजित इंडो नेपाल यूथ गेम 2022 में 22 मई से 25 मई तक आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद सहारनपुर की तहसील बेहट के छोटे से गांव आलमपुर-अमादपुर निवासी अरुण बौद्ध पुत्र सुभाष कुमार ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर अपने गांव तहसील एवं जनपद सहित प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है।
ये भी पढ़िए: इंतजार करती रही दुल्हन, बारात लेकर नहीं पहुंचा (Greedy Groom) लालची दुल्हा
बृहस्पतिवार को गृह जनपद पहुंचे अरुण कुमार बौद्ध का ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।अरुण कुमार बौद्ध ने बताया कि उनकी सफलता का श्रेय उनके गुरु अंकुश कुमार व विशाल कुमार निवासी ग्राम भैरमऊ थाना नकुड को जाता है जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाने का काम किया है एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका दिलाया है। आपको बता दें कि अरुण कुमार बौद्ध का जन्म तहसील बेहट के गांव आलमपुर- अमादपुर के एक बेहद गरीब परिवार में हुआ है। उनके पिता सुभाष कुमार मजदूरी का कार्य करते हैं परिस्थितियां विपरीत होने के बावजूद भी क्षेत्र के इस युवा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव जनपद प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का काम किया है। अरुण कुमार बौद्ध को मिली सफलता के बाद ग्रामीणों में क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। बता दें कि अरुण बोध इससे पहले भी ब्लॉक तहसील जनपद एवं प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर कई उपलब्धियां अपने नाम कर चुके हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली प्रतियोगिता में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
समाजवादी पार्टी के विधानसभा उपाध्यक्ष महक सिंह गुर्जर ने कहा कि गरीब परिवार में जन्मे इस युवा ने गांव,क्षेत्र, तहसील, जनपद एवं प्रदेश के साथ देश का नाम रोशन करने का काम किया है साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। जिसे इस युवा ने करके दिखाया है। महक सिंह गुर्जर ने अरुण बौद्ध को फूल मालाएं पहनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त करने की बधाई दी है।